Thursday, July 12, 2012

श्रीलंका ने तीन साल में जीती पहली सीरीज

श्रीलंका और पाकिस्तान के बीच पाल्लेकल में खेला गया तीसरा और अंतिम टेस्ट मैच गुरुवार को रोमांचक ड्रॉ के रूप में समाप्त हुआ। इसके साथ ही श्रीलंका पिछले तीन साल में पहली टेस्ट सीरीज जीतने में सफल रहा।


श्रीलंका ने 270 रन के लक्ष्य का पीछा करने का साहसिक कदम उठाया। पांचवें दिन चाय के विश्राम तक उसका स्कोर दो विकेट पर 132 रन था, लेकिन ऑफ स्पिनर के तीन विकेट से वह बैकफुट पर चला गया।
दिनेश चंदीमल ने 65 रन बनाये जबकि कुमार संगकारा ने नाबाद 74 रन की पारी खेली। जिस समय मैच ड्रॉ करवाने का फैसला किया गया तब नौ ओवर बचे थे और श्रीलंका ने चार विकेट पर 195 रन बनाये थे।
इससे पहले असद शाफिक ने नाबाद 100 रन बनाये जिससे पाकिस्तान ने अपनी दूसरी पारी लंच से आधा घंटे पहले आठ विकेट पर 380 रन बनाकर समाप्त घोषित की। श्रीलंका ने गाले में पहला टेस्ट मैच 209 रन से जीता था और इस तरह से उसने 1-0 से सीरीज अपने नाम की।
यह श्रीलंका की 2009 में न्यूजीलैंड पर घरेलू सीरीज में 2-0 की जीत के बाद टेस्ट सीरीज में पहली जीत है। वर्तमान सीरीज बारिश से भी प्रभावित रही। कोलंबो में बारिश के कारण दूसरा टेस्ट मैच ड्रॉ रहा जबकि तीसरे टेस्ट के दूसरे दिन एक भी गेंद नहीं फेंकी जा सकी।
पाकिस्तान ने सीरीज बराबर करने के लिये काफी कोशिश की लेकिन सूरज की रोशनी में पिच के बल्लेबाजी के अनुकूल हो जाने और श्रीलंकाई बल्लेबाजों के प्रतिबद्ध प्रदर्शन से उसकी यह तमन्ना पूरी नहीं हो पायी।